कांग्रेस सरकार के समय मिली थी मंजूरी, 13 साल में फाइलों में दबी रही परियोजना
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मेवात के युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाली इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च की बहुप्रतीक्षित परियोजना आखिरकार धरातल पर उतरने की दिशा में बढ़ी है। छपेड़ा गांव में इसके भवन निर्माण के लिए हरियाणा लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क शाखा) ने 20.72 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता प्रदीप संधू ने टेंडर की पुष्टि की है।
यह परियोजना कांग्रेस सरकार के समय मंजूर हुई थी, लेकिन इसके बावजूद लंबे समय तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि करीब 13 साल तक परियोजना फाइलों में उलझी रही और अब सरकार ने इसकी सुध ली है। नूंह विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता चौधरी आफताब अहमद भी इस मुद्दा कई बार विधानसभा में उठा चुके हैं। टेंडर के अनुसार परियोजना की अनुमानित लागत 2072.09 लाख रुपये है। भवन के साथ बाउंड्री वॉल, आंतरिक सड़क, पार्किंग और फायर फाइटिंग जैसे कार्य भी किए जाएंगे। निर्माण पूरा करने के लिए 24 महीने की समय सीमा निर्धारित की गई है।
ठेकेदारों के लिए ऑनलाइन बोली लगाने की अंतिम तारीख 15 सितंबर दोपहर 3 बजे है, जबकि तकनीकी बोली उसी दिन शाम 4 बजे खोली जाएगी। टेंडर जारी होने के बाद अब भाजपा नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर इसे अपनी उपलब्धि बताया जा रहा है।