समीपवर्ती गांव रूपडाका में सरकारी स्कूलों के अध्यापक निर्धारित ड्यूटी टाइम से पहले ही स्कूल बंद करके चले गए। अभिभावकों ने इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों सेे की। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि अनुशासनहीन टीचरों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
जानकारी के मुताबिक उक्त गांव के स्कूल में 725 के करीब बच्चे पढ़ते हैं तथा 12 टीचर तैनात हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर 1 बजे अचानक स्कूल टीचर स्कूल को बंद करके चले गए। इसकी शिकायत अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से कर दी। जिला शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से इस मामले की रिपोर्ट तलब की है।
जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि अनुशासनहीनता करने वाले टीचरों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस मामले में हेडमास्टर ओमबीर का कहना है कि वह बैंक के काम से उटावड़ चले गए थे और वापसी में आकर स्कूल खोला। इसी तरह का कथन प्राइमरी विंग के हेडमास्टर इशाक ने दिया है। दूसरी तरफ अभिभावकों ने मांग की है कि टीचरों के अनियमितताओं के मामले की गहराई से जांच करके कार्रवाई की जाए।