घेवर खाने के बाद चार लोगों के बीमार होने के बाद भी गंभीर नहीं स्थानीय प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। त्योहारी सीजन में मिष्ठान भंडारों पर बिक रहे घेवर और अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। पुन्हाना शहर में शिकरावा मोड़ स्थित एक नामी मिष्ठान भंडार से खरीदा गया घेवर खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों के बीमार होने का मामला पिछले दिनों सामने आया। घटना के बाद संबंधित विभाग की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर भी लोगों में असंतोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में महज औपचारिकता निभाई गई, जबकि शहर की अन्य मिठाई दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए कोई व्यापक अभियान नहीं चलाया गया।
चार दिन पहले तुसैनी गांव निवासी एक परिवार ने शिकरावा मोड़ स्थित शंकर मिष्ठान भंडार से घेवर खरीदा था। परिवार के सदस्यों ने जब घेवर खाया तो कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक साथ चार लोगों के बीमार होने से परिवार में चिंता का माहौल बन गया। मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई प्रभावी नहीं रही।
शहरवासियों के अनुसार पुन्हाना में दर्जनों छोटी-बड़ी मिष्ठान की दुकानें संचालित हैं। त्योहारों के दौरान इन दुकानों पर बड़ी मात्रा में घेवर, मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार किए जाते हैं। ऐसे में खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, तेल-घी, साफ-सफाई और गुणवत्ता की नियमित जांच जरूरी है। लोगों का कहना है कि एक परिवार के चार सदस्यों के बीमार होने के बाद विभाग को पूरे शहर में विशेष जांच अभियान चलाना चाहिए था। स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग और दुकानदारों के बीच कथित सांठगांठ के आरोप भी लगाए हैं।
कोट
मिलावट को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है। मेंरे पास अन्य कई जिलों का भी चार्ज है फिर भी समय-समय पर मिठाइयों की दुकानों से सैंपल लिए जाते हैं। शिकायत मिलती है तो ऐसी दुकानों पर विभाग कार्रवाई करेगा।
-संदीप कुमार, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी