सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह के अनुसार बल्लभगढ़ के गांव साहपुर खुर्द निवासी बच्चू सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी बहन कविता की शादी कृष्णा कॉलोनी निवासी जगबीर के साथ हुई थी। सितंबर 2016 को जगबीर व उसके परिवार वालों ने कविता के साथ झगड़ा किया और मारपीट की थी जिसकी हमने शिकायत होडल थाने में दी थी। जिसके बाद ससुराल वालों से माफी मांगी और हमारा राजीनामा हो गया।
मृतका के भाई का आरोप है कि ससुराल वाले इससे भी बाज नहीं आए वह आए दिन कविता के साथ मारपीट करते। शनिवार को उन्हें कविता के ससुराल वालों ने फोन किया और बताया कि तुम्हारी बहन को कुछ हो गया है। मौके पर जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में थी। उसने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने कविता को जहर देकर उसकी हत्या की है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पलवल के सिविल अस्पताल पहुंचाया। बच्चू सिंह की शिकायत पर पति जगबीर सहित जोगेंद्र, प्रेमवती, सुखीराम व जीता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। अभी तक कोई भी आरोपी गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।