संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्रावण के पहले सोमवार आज शिवालयों में उमड़ेगी आस्था, प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां जारी है। माह के पहले सोमवार को शहर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आएगा। सोमवार को शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगेंगी। भक्त भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और पंचामृत से अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। शहर के प्रसिद्ध पंचवटी कॉलोनी स्थित पंचवटी शिव मंदिर, कमेटी चौक के निकट जंगेश्वर महादेव मंदिर तथा सोहना रोड स्थित प्राचीन टंकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इन मंदिरों को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।