दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देने पर झोलाछाप डॉक्टर ने की खुदकुशी
पलवल। दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठने वालों की बढ़ती मांग से परेशान एक झोलाछाप डॉक्टर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। चांदहट थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों के खिलाफ रुपये ऐंठने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मुकदमा दर्ज किया है। अभी तक पुलिस ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जांच अधिकारी अख्तर खान के अनुसार, गांव छज्जूनगर निवासी ब्रह्मवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि 21 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे उसके पति नरेंद्र का जेठ कैलाश के पास फोन आया। फोन पर नरेंद्र ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। जहर खाने का कारण पूछने पर नरेंद्र ने बताया कि गांव करीमपुर निवासी राकेेश और दो महिलाएं उसे पिछले काफी दिनों से दुष्कर्म में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। लाखों रुपये भी ले चुके हैं। अब भी वे बार-बार और रुपयों की मांग कर रहे हैं। इससे तंग आकर उसने जहर खा लिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने नरेंद्र की तलाश की तो खेत पर बेहोशी की हालत में मिला। नरेंद्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।