संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। पीएमश्री स्कूल पाठखोरी में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने संसदीय प्रक्रियाओं का प्रदर्शन करते हुए देश के ज्वलंत मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य परवीन कुमार उपस्थित रहे। संसदीय कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से हुई, जिसमें विपक्ष के नेता समीर ने सत्ता पक्ष को जमकर घेरा। इसके बाद स्थगन प्रस्ताव पेश कर नशा मुक्त भारत अभियान और विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा सुधारों की भूमिका पर गहन चर्चा की गई। युवा संसद में सब्रूना ने लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका निभाते हुए सदन का संचालन किया। वहीं, फैसल ने प्रधानमंत्री, कविता ने विदेश मंत्री, कृष्ण ने कानून मंत्री और ज्योति ने शिक्षा मंत्री के रूप में सरकार का पक्ष रखा। निर्णायक मंडल की भूमिका रमजान और अमित कुमार ने निभाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य परवीन कुमार ने कहा कि युवा संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करती है। निर्णायक मंडल ने छात्रों के तर्क और तैयारी की सराहना की। अकादमिक प्रभारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि ऐसे आयोजनों से छात्रों को व्यावहारिक राजनीति और नागरिक कर्तव्यों की समझ मिलती है। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक रशीद खान, सह-संयोजक जितेन्द्र जैन, समस्त शिक्षक, गैर-शिक्षण स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को विद्यालय द्वारा सम्मानित किया गया।