11 राज्यों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। भारत स्काउट्स एंड गाइड्स भवन में 25 से 31 अक्तूबर तक आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय एकता शिविर का शनिवार को समापन हुआ। शिविर में देश के 11 राज्यों से आए 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। सात दिनों के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ आउटडोर कैंपिंग और एडवेंचर गतिविधियों में हिस्सा लेकर टीम भावना, अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व जैसे व्यावहारिक गुण सीखे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दिनेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर युवाओं में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना जागृत करने का श्रेष्ठ माध्यम हैं। विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश के विकास में करना चाहिए।
जिला एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सजल सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल सीखने का अवसर देते हैं। एडवेंचर और कैंपिंग जैसी गतिविधियों से उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को जानने का अवसर भी मिला। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संगीता, कपिल, दिनेश सैनी, नैन्सी, प्रमोद और रविंद्र गुर्जरकर सहित अन्य उपस्थित रहे।