पलवल। हरियाणा शिक्षा विभाग एवं हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से मनाली में आयोजित पांच दिवसीय एडवेंचर एवं नेचर स्टडी कैंप में जिले के 48 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। ये वे विद्यार्थी हैं जिन्होंने खेल, शिक्षा तथा अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। शुक्रवार को मनाली के लिए रवाना हुए विद्यार्थी शनिवार को कैंप स्थल पर पहुंचे, जहां पहले दिन उन्होंने मनाली के प्राकृतिक वातावरण, स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों और पर्यावरणीय महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने रॉक क्लाइम्बिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों में भाग लिया।
जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने कहा कि पीएम श्री राजकीय विद्यालय होडल, पलवल, पिंगोड, अलावलपुर, बागपुर, घर्रोट असावटी आदि विद्यालयों के प्रतिभावान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा प्रकृति अध्ययन के लिए यूथ एंड इको क्लब के माध्यम से यह शिविर आयोजित किया गया है।