फरीदाबाद मंडल आयुक्त ने परिक्रमा मार्ग का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
अधिकारियों को सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने पर लगाई कड़ी फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरीदाबाद मंडल आयुक्त संजय जून ने मंगलवार को परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग और जिला परिषद के अधिकारियों को सड़क निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने पर कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
मंडल आयुक्त संजय जून ने जिला मुख्यालय पर अधिकारियों की बैठक लेने के बाद एसडीएम बैलिना राणा, डीएसपी सुरेश भड़ाना, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह, सिविल सर्जन सतेंद्र वशिष्ठ और बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता रंजन राव सहित अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान-हरियाणा सीमा स्थित नूंह के गांव नीमका से लेकर होडल के डाडका, सौंदहद, बंचारी, डकोरा, मर्रोली, खाम्बी, लीखी होते हुए हसनपुर और यमुना पैंटून पुल तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गांव सौंदहद पहुंचने पर सरपंच तुहीराम और पंचायत सदस्यों ने अधिकारियों का फूल-मालाओं और राधे नाम के पटके पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने की शिकायत मंडल आयुक्त के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मंडल आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है। साथ ही अधिकारियों को मार्ग में मिलने वाली शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।