नोएडा (संवाद)। सेक्टर-117 स्थित श्री कृष्णा अपार्टमेंट में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या से निवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कुत्ते बच्चे-बुजुर्गों पर हमला करने का प्रयास करते हैं। श्री कृष्णा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के सचिव संजीव कुमार पाल ने बताया कि समस्या की शिकायत कई बार नोएडा प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि लावारिस कुत्तों की नसबंदी, नियंत्रण और प्रबंधन की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की है। एओए के पास इसके लिए न बजट है और न ही अधिकार। निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। लावारिस कुत्तों की नियमित नसबंदी और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अप्रिय घटना से बचा जा सके।