संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने दो बदमाशों को अवैध हथियार सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो तमंचा, चार जिंदा कारतूस व चार खाली खोल बरामद किए हैं। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसटीएफ प्रभारी डीएसपी यशवंत यादव ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियारों सहित नूंह रोड लालवा मोड पर खड़े हैं। टीम ने मौके पर छापेमारी की तो टीम को देख आरोपी भागने का प्रयास करने लगे। टीम ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान गांव पौंडरी निवासी धीरज व गांव करमन निवासी मनोज के रूप में हुई। आरोपियों की तलाशी लेने पर दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस व चार खाली खोल बरामद हुए। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट व साल 2021 में आर्म्स एक्ट के तहत होडल थाना में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।