संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ का आयोजन होगा। बुधवार से खेल प्रेमियों को दांव-पेच और निशानेबाजी का रोमांच देखने को मिलेगा। खेल महाकुंभ के द्वितीय चरण के तहत प्रदेशभर से 1100 से अधिक खिलाड़ी कबड्डी और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाएंगे। खेल महाकुंभ का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ करेंगे।
आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप कुमार ने बताया कि आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने, भोजन-पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। स्टेडियम में झंडे और हाई मास्ट लाइट की भी उचित व्यवस्था की गई है, ताकि खेल प्रतियोगिताओं के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
तीन दिवसीय इस महाकुंभ में कबड्डी के दांव-पेच और तीरंदाजी के सटीक निशानों का रोमांच दर्शकों को आकर्षित करेगा। कबड्डी में पुरुष और महिला वर्ग की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि तीरंदाजी में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खेल महाकुंभ का उद्देश्य खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर देना और खेलों को प्रोत्साहित करना है।