संवाद न्यूज़ एजेंसी
नूंह। मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों ने एंप्लॉयीज वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारी दोपहर एक से दो बजे तक लंच टाइम में प्रदर्शन कर रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।कॉलेज की एचओडी एवं एडमिशन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहीं डॉ. शाहीन खान ने बताया कि नियमित शिक्षण स्टाफ वर्ष 2018 से फिक्स वेतन पर कार्य कर रहा है। वहीं, करीब सात वर्षों से अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को अभी तक अप्रूवल लेटर नहीं मिले हैं। गेस्ट फैकल्टी की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। टेक्निकल असिस्टेंट नसमीना ने बताया कि कर्मचारी प्रमोशन, वेतन वृद्धि और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 18 सितंबर को कॉलेज पहुंचे प्रशासक ने समस्याएं सुनने के बजाय फोटो शूट कराया और लौट गए। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।