संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। घोड़ी गांव में रविवार को आयोजित टायर वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हरियाणा के खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनकी तैयारियों के बारे में जानकारी ली। गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। गांवों में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर मंच हैं। युवाओं में प्रतिभा और ऊर्जा की कमी नहीं है, उन्हें सही दिशा, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से नशे और गलत आदतों से दूर रहकर खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। सरकार का प्रयास है कि गांव-गांव में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हो।