हथीन। एक व्यक्ति को ससुराल में बुलाकर उसे बंधक बनाकर मारपीट और कुकर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोवर्धन थाना अंतर्गत एक गांव निवासी युवक की शिकायत पर उटावड थाना पुलिस ने जराली गांव निवासी पांच ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में उसकी पत्नी भी शामिल है।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि गांव जराली में उसकी ससुराल है। उसकी पत्नी कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। पत्नी ने फोन कर पीड़ित से कहा कि ससुराल आकर उसे ले जाए। इस पर वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल आया था। आरोप है कि ससुराल में उसकी पत्नी सहित सास, ससुर एवं सालों ने उसे कमरे में बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ कुकर्म किया। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।