संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की फरीदाबाद यूनिट ने पिनगवां के मेन बाजार से एक युवक को 15.86 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अवैध बाजार में कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर संग्राम सिंह के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इमरान, निवासी हरिजन कॉलोनी, ढाणा रोड, पिनगवां नशीला पदार्थ बेचने के लिए बाजार में खड़ा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से पारदर्शी पाउच में हेरोइन बरामद हुई। डिजिटल कांटे से पाउच सहित वजन 15.86 ग्राम मिला। पुलिस ने थाना पिनगवां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।