नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ने छापेमारी कर पलवल निवासी आरोपी को दबोचा
एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। फरीदाबाद इकाई की टीम ने पलवल जिले में छापेमारी कर एक प्रमुख नशा तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन, मेथाईलीन डाय ऑक्सी मेथाम्फेटामीन (एमडीएमए) और लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई। बरामद माल की अवैध बाजार में अनुमानित कीमत पचास लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। ब्यूरो के महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि नशे की जड़ों को समाप्त करना ही प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भोरिया और उप पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक मनोज सांगवान की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
निरीक्षक मनोज सांगवान ने बताया कि उप निरीक्षक जयवीर अपनी टीम के साथ पलवल शहर में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि न्यू काॅलोनी क्षेत्र में नशा बेचा जा रहा है। टीम ने घेराबंदी कर कैंप पलवल थाना क्षेत्र निवासी आरोपी पारस को काबू किया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई तलाशी में आरोपी के पास से 184 ग्राम हेरोइन, 6.10 ग्राम एमडीएमए और तीन लाख बत्तीस हजार आठ सौ पचास रुपये नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह मात्रा माध्यमिक मात्रा (इंटरमीडिएट क्वांटिटी) की श्रेणी में आती है। आरोपी के खिलाफ थाना कैम्प पलवल में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 663/2025 दर्ज किया गया है। बरामद नकदी से स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और संभव है कि इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क काम कर रहा हो। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि सप्लायरों, सहयोगियों और काले धन के स्रोत का पता लगाकर पूरे गिरोह को ध्वस्त किया जा सके। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो ने जनता से अपील की है कि नशाखोरी और अवैध व्यापार रोकने के लिए अपनी भूमिका निभाएं। किसी भी तरह की जानकारी तुरंत निःशुल्क दूरभाष नंबर 1933, मोबाइल नंबर 90508-91508 अथवा ‘मेनस पोर्टल पर दर्ज कराई जा सकती है।