संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। सीआईए स्टाफ पलवल ने 10 किलो 205 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शहर के कोट मोहल्ला निवासी रोहताश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना शहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीआईए स्टाफ प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि सोमवार को एएसआई लक्ष्मण सिंह पलवल-सोहना रोड़ स्थित हथीन मोड़ पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रोहताश अपने घर के पास प्लास्टिक के कट्टे में गांजा लेकर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी में उसके पास से 10 किलो 205 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी बरामद नशीले पदार्थ से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।