सोहना रोड पर शव रखकर प्रदर्शन करते परिजन।
- फोटो : Palwal
चेहरे को पत्थर से कुचलकर युवक की हत्या, गुस्साए परिजनों ने सोहना रोड पर लगाया जाम
पलवल। शनिवार को घर से लापता युवक का शव सोमवार को नूंह रोड स्थित ईरा ग्रुप के समीप मिला। मृतक का चेहरा पत्थरों से बुरी तरह कूंचा हुआ था। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, घटना से गुस्साए परिजनों ने सोमवार शाम को सोहना रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
शहर थाना पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर नायब सिंह के अनुसार, लैनपुरा मोहल्ला निवासी धारा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शनिवार को उसके भाई अर्जुन को योगेश अपने एक साथी के साथ घर से बुलाकर ले गया था। देर रात तक वापस न आने पर अर्जुन की तलाश की गई, लेकिन रविवार तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह पड़ोसी प्रेमराज से उन्हें सूचना मिली कि ईरा ग्रुप के निकट एक युवक का शव खेतों में पड़ा है। सिर और मुंह र्को इंट-पत्थरों से बुरी तरह कूंचा गया था। इसके बाद पीड़ित ने अस्पताल में पहुंचकर शव की पहचान अर्जुन के रूप में की। आरोप है कि अर्जुन की हत्या योगेश ने साथी के साथ मिलकर की है। पुलिस ने योगेश और साथी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार करने के बजाए सोहना रोड पर शव को रखकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही डीएसपी अनिल कुमार और कैंप थाना प्रभारी यादराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने गिरफ्तारी नहीं होने तक शव न उठाने की बात कही। डीएसपी ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।