संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। ऑपरेशन मुस्कान के तहत शनिवार को जिला मानव तस्करी निरोधक इकाई ने पलवल शहर में विभिन्न स्थानों पर मजदूरी करने वाले बच्चों को रेस्क्यू कर उनके माता-पिता के हवाले किया। बच्चों के माता-पिता की काउंसलिंग भी की गई। टीम ने बच्चों के माता-पिता से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक किया। जिला मानव तस्करी निरोधक इकाई के साथ, शक्ति वाहिनी, बाल कल्याण समिति की टीम शामिल थीं।
जिला मानव तस्करी निरोधक इकाई इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि राज्य अपराध ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के दिशा निर्देश पर प्रदेशभर में पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया गया है। इसी कड़ी में उन्होंने छह बच्चों को रेस्क्यू किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे से मजदूरी ना करवाएं। साथ ही बच्चों से कूड़ा इकट्ठा करवाना, भीख मंगवाना गैर कानूनी है। ऐसा करने से बच्चे शिक्षा से भी वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि वह लगातार जागरूकता अभियान चलाकर कबाड़ का काम करने वाले दुकानदारों को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं कि वह किसी भी बच्चे से कूड़ा ना खरीदें और उन्हें स्कूल जाने को कहें।