पलवल। फर्जी कागजात तैयार करके अधिवक्ता की सिम कार्ड को बंद कराकर उसी नंबर की सिम अपने नाम आवंटित कराने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो नामजद व कुछ अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई मलखान ने बताया कि माल गोदाम निवासी अनुज बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पास वोडाफोन की सिम है जिसे वह पिछले कई वर्षों से प्रयोग कर रहा है तथा इसी सिम से पीड़ित व उसके परिवार के सदस्यों के बैंक खाते व अन्य जरूरी कागजात भी लिंक हैं। 16 जनवरी को पीड़ित की सिम अचानक बंद हो गई और शाम 6 बजे नई सिम आवंटित होने का संदेश आया। पीड़ित ने जब ग्राहक सेवा केंद्र पर फोन कर जानकारी ली तो पता चला कि किसी ने उसी के नाम के फर्जी कागजात तैयार कर सिम अलोट करा ली है। 17 जनवरी को पीड़ित वोडा फोन सेंटर पलवल ब्रांच में पहुंचा तो पता चला कि हुडा सेक्टर-2 पलवल निवासी आशीष तायल व तुहीराम कॉलोनी निवासी मयंक अग्रवाल व उनके कुछ अन्य साथियों ने फर्जी कागजात तैयार कर सिम का दुरुपयोग करने के लिए अलोट कराई है।