चोरी व आपराधिक घटनाओं को लेकर लोग कर चुके हैं दुकानों को बंद कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में अनेक चोरी की घटनाओं व आपराधिक वारदातों के बाद लोगों द्वारा रात 10 बजे के बाद दुकानें बंद करने की मांग पर नूंह पुलिस ने अब संज्ञान लेना शुरू कर दिया है। बुधवार की रात जिले के कई कस्बों में पुलिस टीम ने रात 10 बजे के बाद खुली हुई दुकानों को बंद करवाया। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि फिर से देर रात के समय दुकान खुली मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
पिछले दिनों पिनगवां कस्बे में जेवर की दुकान से हुई करोड़ों रुपये की चोरी की वारदात के बाद लोगों ने मांग की थी कि दुकानदार रात 10 बजे के बाद दुकानें न खोलें तथा पुलिस लगातार बाजारों में गश्त करे। पुलिस अधीक्षक नूंह डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर बुधवार-बृहस्पतिवार की रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर देर रात तक खुली दुकानों को बंद कराया । पुलिस के अनुसार कुछ स्थानों पर दुकानों के बाहर देर रात तक अनावश्यक भीड़ जुट रही थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ रही थी। इस संबंध में नूंह पुलिस प्रशासन को पहले भी शिकायतें मिल चुकी थी। समाजसेवियों और जागरूक नागरिकों ने भी प्रशासन के सामने यह मुद्दा उठाया था।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. अर्पित जैन ने रात 10 बजे के बाद अनावश्यक रूप से खुलने वाली दुकानों को बंद कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद नूंह पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि देर रात भीड़ लगाना, हुड़दंग करना और सार्वजनिक शांति भंग करना किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।