मोटरसाइकिल की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव अटोहां के समीप मोटरसाइकिल की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने मृतक बुजुर्ग के पुत्र की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कुलदीप के अनुसार, गांव अटोहां निवासी रेवती प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके 65 वर्षीय पिता आशीराम तीन सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर पलवल जा रहे थे। तभी गांव स्थित मोड़ के समीप वे बाइक रोककर वाहनों के निकलने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान पलवल की तरफ से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आशीराम की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।