राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव बामनीखेड़ा के पास शुक्रवार देर रात हुई सड़क दुर्घटना में एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान गांव तूमसरा निवासी सुरेन्द्र पुत्र बलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, ओमेक्स सिटी में सिक्योरिटी गार्ड सुरेन्द्र शुक्रवार देर शाम ड्यूटी समाप्त कर बाइक से गांव जा रहा था। लेकिन वह गांव बामनीखेड़ा से आगे बालाजी ढाबा के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर मारने वाला वाहन चालक अपने वाहन को लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल सुरेन्द्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया और दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे।
पुलिस ने मृतक के भाई रामकुमार के ब्यान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन व वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।