होडल। नूंह-होडल सड़क मार्ग पर चार मई को ढाबा संचालक प्रवीण की हत्या के मामले में दूसरे आरोपी सतेंद्र को क्राइम ब्रांच पलवल की टीम ने काबू कर लिया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। क्राइम ब्रांच प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि गांव सौन्दहद निवासी बालचंद्र ने शिकायत में बताया कि बेटा प्रवीण सड़क किनारे ढाबा चलाता था। 4 मई की रात गांव नांगल जाट निवासी कुलदीप और सतेंद्र शराब और खाने की मांग को लेकर ढाबे पर पहुंचे। प्रवीण के मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट की। कुछ देर बाद कुलदीप ट्रैक्टर लेकर लौटा और प्रवीण की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस पहले ही आरोपी कुलदीप को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर चुकी है। अब सतेंद्र की गिरफ्तारी के बाद हत्या में प्रयोग हुई बाइक की बरामदगी के लिए रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। संवाद