गुरुग्राम। कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया के बीच पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के लिए 27 जुलाई अंतिम मौका है। इस तिथि तक प्रवेश फीस जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों की सीट रद्द मानी जाएगी और उसे अगले चरण के लिए उपलब्ध कर दिया जाएगा।
फीस जमा न होने से खाली हुई सीटों के आधार पर 29 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। दूसरी सूची में शामिल विद्यार्थियों को भी तय समय के भीतर दस्तावेज का सत्यापन कराकर फीस जमा करनी होगी, तभी उनका दाखिला सुनिश्चित होगा। इसके बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो 4 अगस्त से ओपन काउंसलिंग शुरू होगी। इस चरण में पात्र विद्यार्थी संबंधित कॉलेजों में बची हुई सीटों पर सीधे प्रवेश ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी संबंधित कॉलेज या विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से देखते रहें। संवाद