एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने मलेरिया और वायरल पीड़ित गांव महलूका का दौरा किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉक्टर ललित के नेतृत्व में घर-घर जाकर मरीजों की जांच की।
ग्रामीणों ने डीसी को शिकायत दी कि उनके गांव में बीमारियां फैली हुई हैं। सूचना मिलते ही डीसी अतुल कुमार ने एसडीएम देवराला को गांव का दौरा करने के दिशा निर्देश जारी किए। एसडीएम ने गांव महलूका में घर-घर जाकर बीमार लोगों का हाल-चाल पूछा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि गांव के एक हजार लोगों के खून के नमूने लिए जा चुके हैं। सभी नमूनों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दवाइयां उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे लोगों में वायरल फीवर फैला हुआ है। एसडीएम ने गांव के सरपंच को आदेश दिए कि वे गांव में प्रमुखता के आधार पर सफाई करवाएं। जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि यदि कहीं से पानी की लाइन टूटी हुई है तो उसे तुरंत ठीक करवाएं।
एसडीएम ने कहा कि गांव में घर-घर में दवाइयां बटवाई जा रही हैं। लोगों को हिदायत दी गई है कि वे पानी उबाल कर पीएं।
उल्लेखनीय कि बदलते मौसम में वायरल फीवर और मलेरिया रोगियों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। लोगों को डेंगू का भय दिखाकर डॉक्टर लूटने में लगे हैं। एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार किफायततुल्ला खान, जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ व जेई आदि भी मौजूद थे।