संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन।
कोट गांव की सरपंच रुख्सार के खिलाफ मिली अनियमितताओं की शिकायतों की जांच पूरी कर एसडीएम हरिराम ने जिला उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर को रिपोर्ट भेज दी है। जांच के दौरान एसडीएम ने सरपंच को दो बार पत्र लिखकर जवाब मांगा, लेकिन उन्होंने अपना पक्ष प्रस्तुत नहीं किया। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हथीन ने 17 जुलाई को सरपंच के खिलाफ अनियमितताओं की रिपोर्ट उपायुक्त को भेजी थी। इसमें सीएम विंडो की शिकायतों का निस्तारण नहीं करने, ग्राम सभा पोर्टल पर जरूरी सूचनाएं अपलोड नहीं करने और सफाई कर्मचारियों, चौकीदारों व ग्रामीण जलकर्मियों के भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट नहीं देने सहित कई कमियां बताई गई थीं। अब जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा ने सरपंच को व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।