बाइक सवार बदमाशों ने किसान से स्कूटी लूटी
होडल। क्षेत्र में लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। बेखौफ बदमाश बाइक पर सवार होकर आते हैं और लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। ऐसा ही मामला शनिवार को गांव गढ़ी पट्टी के खेतों पर फसल की सिंचाई कर रहे एक किसान के साथ हुआ जब एक बाइक पर सवार हथियार बंद तीन बदमाश किसान से उसकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित किसान ने लूट की घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को देने के बाद थाना पुलिस को भी दी है। गांव गढ़ी पट्टी के पीड़ित किसान अजय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सुबह के करीब साढ़े चार बजे वह घर से अपने खेतों में फसल की सिंचाई करने के लिए स्कूटी पर सवार होकर गया। जब वह लघुशंका करने के लिए रुका तो तभी एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने पिस्तौल तान दी और उसकी स्कूटी को लूट कर ले गए। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने घटना के बारे में बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।