पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र में पृथला रेलवे फ्लाईओवर के पास एनएच-19 पर बुधवार रात कैंटर की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। उसकी पहचान गांव अतवा निवासी बलदेव (30) के रूप में हुई है। वह पृथला स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित पिता लालचंद ने बताया कि बलदेव बुधवार को स्कूटी से ड्यूटी पर गया था। उसने शाम को ड्यूटी खत्म करने के बाद फरीदाबाद में अपनी बहन के पास जाने की बात कही थी, लेकिन रात को घर और बहन के पास नहीं पहुंचा। परिवार उसकी तलाश कर रहा था।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, रात करीब 8:20 बजे पृथला रेलवे फ्लाईओवर के पास पलवल से फरीदाबाद जाने वाली सड़क पर कैंटर ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। घायल बलदेव को एंबुलेंस से नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी और कैंटर को कब्जे में ले लिया। पिता की शिकायत पर चालक सोदान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।