संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव बाबूपुर की पूर्व सरपंच फरजाना की ओर से नामांकन पत्र के साथ लगाए गए आठवीं कक्षा के प्रमाणपत्र के मामले में पुलिस ने संबंधित स्कूल के संचालक राजेश कुमार को विवेचना में शामिल किया है। आगरा से बुलाए गए स्कूल संचालक राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि प्रमाणपत्र पर किए गए हस्ताक्षर उनके नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने हस्ताक्षरों की जांच कराने के लिए अदालत से अनुमति मांगी। जांच अधिकारी महेंद्र कुमार ने इस संबंध में सब डिविजनल जुडिशियल मजिस्ट्रेट गरिमा यादव की अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने जांच अधिकारी और मामले के शिकायतकर्ता एडवोकेट रोबिन खान का पक्ष सुनने के बाद हस्ताक्षरों के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजने के निर्देश दिए। अब पुलिस नमूने पंचकूला स्थित एक्सपर्ट लैब में भेजेगी। पुलिस के अनुसार, संबंधित अंक तालिका आगरा के राजनगर, अजीजपुर-धनौली स्थित संत इतवारी लाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल की है।