संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नूंह हिंसा को लेकर इलाके में बने हुए तनाव को खत्म करने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा की पहल पर 52 पाल के पंचों ने जल्द ही सद्भावना पंचायत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 18 अगस्त को हथीन उपमंडल के गांव मंडकौला में डागर पाल के नेतृत्व में सभी पाल पंचों की बैठक होगी। बैठक में सद्भावना पंचायत करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। यह निर्णय संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा पाल पंचों से संपर्क करने के बाद लिया गया।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता महेंद्र चौहान ने बताया कि मंंडकौला में होने वाली पाल पंचों तथा किसान संगठनों के नेताओं की बैठक में 52 पाल के अंदर आने वाली सभी पालों के पंच तथा सभी जाति-धर्म के लोग शामिल होंगे। बैठक में नूंह हिंसा के बाद बने हुए तनाव को खत्म करने के लिए भाईचारा बनाए रखने के लिए सदभावना पंंचायत करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक के बाद पंच किसान संयुक्त किसान मोर्चा के सभी पदाधिकारी गांव-गांव जाकर पंचायत के लिए सभी धर्मों के लोगों को आमंत्रित करेंगे। आपसी भाईचारा का भी संदेश किया जाएगा। इलाके में माहौल खराब कर भाईचारा खत्म करने का प्रयास कर रहे असामाजिक तत्वों पर भी लगाम लगाने का काम किया जाएगा।
इस अवसर पर सोहन पाल चौहान, ताराचंद,धर्मचंद, डागर पाल के पंच धर्मवीर डागर,चौहान पाल के पंच जय नारायण, श्रीचंद महाशय, चेतराम मेंबर, तेजा सरपंच जोहरखेडा मौजूद थे।