पलवल। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 3.77 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार सेक्टर-2 हुडा निवासी किशन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार दोपहर बाद करीब 3:40 बजे उसके पास अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी दीपक शर्मा बताया। आरोपी ने कार्ड की जानकारी बताते हुए कहा कि कार्ड की लिमिट बढ़ाने का अनुरोध आया है और प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक्सिस बैंक एप खोलने को कहा। एप नहीं खुलने पर उसने गूगल लिंक भेजकर उसे खोलने और उसमें आवश्यक जानकारी भरने को कहा। लिंक पर जानकारी दर्ज करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी आया। कुछ ही देर में उसके खाते से पहले 1,88,543 रुपये और फिर दो मिनट बाद 1,88,737 रुपये कट गए। इसके बाद आरोपी ने फोन बंद कर दिया। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद