पलवल। अडानी गैस का बिल अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगों ने होडल निवासी 63 वर्षीय मुरारी लाल के बैंक खाते से 2.70 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, मुरारी लाल ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर को दोपहर एक बजे आए मैसेज में बिल अपडेट नहीं होने पर रात 10:50 बजे कनेक्शन बंद करने की बात कही गई थी। मैसेज में दिए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए एक लिंक भेजा और बिल अपडेट करने को कहा। लिंक अडानी गैस की वेबसाइट जैसा दिखाई दे रहा था। आरोपी के कहने पर पीड़ित ने उसमें एटीएम कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी।
इसके बाद एसबीआई होडल खाते से यूपीआई के माध्यम से 49-49 हजार रुपये और नेट बैंकिंग से 1,71,507 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार कोई ओटीपी भी नहीं आया। उन्होंने तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस शिकायत के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।