पलवल। अदाणी गैस कनेक्शन काटने का झांसा देकर साइबर ठगों ने न्यू कॉलोनी निवासी 68 वर्षीय महिला के क्रेडिट कार्ड से 2.02 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, 24 सितंबर को महिला के व्हाट्सएप पर संदेश आया कि बिल अपडेट नहीं कराने पर रात नौ बजे गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। संदेश में दिए नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने अदाणी एप का लिंक भेजा, जिस पर बिल अपडेट करने के नाम पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाई गई। इसके बाद डेबिट कार्ड की जानकारी भी मांगी गई। जानकारी साझा करते ही महिला का फोन हैक हो गया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 1,34,633.08 और 68,061.74 रुपये की दो अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर ली गई।
विज्ञापन
पीड़िता ने तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दी।