संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले के किशोरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति को एचएसबीसी बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1 लाख 25 हजार 489 रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम थाना संदीप कुमार के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में गांव किशोरपुर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि बुधवार को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उसे एचएसबीसी बैंक का नया क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा दिया। इसके बाद व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर उसे खोलने और एसबीआई क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरने के लिए कहा। पीड़ित ने लिंक पर कार्ड की जानकारी दर्ज कर दी। इसके बाद उसके मोबाइल पर कई ओटीपी आए, लेकिन उसने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया। आरोप है कि उसका मोबाइल हैक कर चार ट्रांजेक्शन के माध्यम से खाते से 1,25,489 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल निखिल को सौंपी है।