आटो में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। लगभग डेढ़ महीने पहले आटो में लिफ्ट देकर एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले पांचवे आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने गिरफ्तार पांचवे आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
भवनकुंड चौकी इंचार्ज एएसआई संजय कुमार ने बताया कि यूपी के जिला फिरोजाबाद के गांव ललुआ निवासी सत्यभान उर्फ शिवा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 सिंतबर को वह अपने गांव से पलवल आया था। गांव आलापुर स्थित अपने कमरे पर जाने के लिए बस स्टैंड पर आटो का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान एक सीएनजी आटो आकर रुका जिसमें पांच लोग सवार थे। जिन्होंने पीड़ित से कहा कि आलापुर चलना है तो आटो में बैठ जाओं। पीड़ित आटो में बैठ गया। आटो सवार आलापुर-पातली मार्ग पर ले गए और उसके साथ मारपीट कर रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पैरों से जूते तक लूट लिए और आटो से फेंककर फरार हो गए। उसने वारदात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर गहनता से जांच शुरू कर दी। गहन जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश निवासी झाडसैंतली, संदीप निवासी सेक्टर-56 फरीदाबाद, हरिओम निवासी प्रेम विहार कॉलोनी पलवल व विक्रम निवासी रामबाग कालोनी पलवल को 29 सिंतबर को गिरफ्तार किया और उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि इन चारों आरोपियों का एक पांचवा साथी फरार था। पुलिस ने फरार पांचवे आरोपी शाहिल निवासी दयाबस्ती को उसी के घर से गिरफ्तार कर लिया है। लूटे हुए सामान की बरामदगी पुलिस पहले गिरफ्तार चारों आरोपियों से कर चुकी है।
----