संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नगर परिषद के वार्ड नंबर 10 स्थित गांव कुसलीपुर में पानी की लाइन लीकेज ने ग्रामीण की समस्या बढ़ा दी है। जोहड़ के पानी को रजवाहे में डालने वाली लाइन करीब 10 जगह से लीक हो गई, जिससे पानी सड़कों पर बह रहा है। लगातार पानी बहने से मिट्टी खिसकने लगी है, जिससे कई जगह से रास्ता धंसने लगा है। वहीं, मकानों में भी दरार आने लगी है। कई बार समस्या को लेकर शिकायत की गई है, परंतु नगर परिषद अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
दरअसल, गांव कुसलीपुर नंबर एक व दो के करीब पांच जोहड़ों का अस्तित्व खत्म हो चुका है। लोगों ने जोहड़ों पर मिट्टी डलवाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। इस कब्जे को हटवाने के लिए प्रशासन द्वारा कभी कोई कदम नहीं उठाया। अब दोनों गांवों में एक सिर्फ जोहड़ बचा है, जो दोनों गांवों के गंदे पानी को रोके हुए हैं। पानी ज्यादा होने के कारण जोहड़ ओवरफ्लो न हो, इसके लिए करीब चार साल पहले नगर परिषद द्वारा एक बूस्टर से लाइन दबाकर रजवाहे में पानी डालने की व्यवस्था कर दी, परंतु इसमें प्लास्टिक के पाइपों का इस्तेमाल कर ठेकेदार ने रुपयों को बचा लिया। यह प्लास्टिक के पाइप पिछले चार सालों से ग्रामीणों के समस्या बने हुए हैं। जगह-जगह से लाइन लीक हरे जाती है, जिससे मकानों में दरार आने लगी है। अब यह लाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। शुरुआत में लीकेज की मरम्मत कर दी जाती थी, परंतु एक साल से मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। हालात यह है कि लाइन से निकलता पानी रास्तों की दुर्दशा का कारण बन रहा है। पिछले दिनों शिकायत करने पर फिर से प्लास्टिक की लाइन डालने के लिए पाइप डलवा दिए गए, जिसे डलवाने से ग्रामीणों ने इंकार कर दिया, क्योंकि लाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई कर दी जाती तथा फिर से प्लास्टिक पाइपों से लाइन लीकेज की समस्या बनी रहती है।
00
लीकेज पाइप लाइन को मरम्मत कराई जा रही है। नए सिरे से लाइन डालने का प्रस्ताव भी नगर परिषद को सौंपा गया है, जिस पर विचार चल रहा है।
- अनुज शर्मा, पार्षद, वार्ड नंबर 10