ओल्ड जीटी रोड पर जगह-जगह गड्ढे, पानी भरने से राहगीर परेशान, हादसों का बना खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर में करीब एक साल पहले करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई ओल्ड जीटी रोड की सड़क बरसात के दौरान जगह-जगह से टूटने लगी है। बाबरी मोड़ से पुन्हाना मोड़ तक सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी मुकेश, राहुल पहलवान, टेकचंद सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क का निर्माण हुए अभी करीब एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन बरसात शुरू होते ही कई जगह सड़क की परत उखड़ने लगी है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ रहा है। तेज बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चल पाता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
बाबरी मोड़ से पुन्हाना मोड़ के बीच कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
लोगों से बातचीत
सड़क निर्माण को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ, लेकिन इसकी परत उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
-मोहित कुमार
सड़क की हालत खराब होने से चालकों को परेशानी हो रही है और हादसों का खतरा बढ़ गया है, इसलिए जल्द मरम्मत होनी चाहिए।
-डॉ. डीसी चौधरी
करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद सड़क का जल्द टूटना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
-राहुल पहलवान
सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। विभाग को गुणवत्ता जांच कर जल्द मरम्मत करानी चाहिए।
-दीपक सोरात
वर्जन
बरसात के कारण सड़क कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुई है। बरसात समाप्त होने के बाद जीरो सड़क से करीब 600 मीटर क्षेत्र में जहां-जहां सड़क टूटी है, वहां पैच लगाकर दुरुस्त कराया जाएगा। -पवन कुमार, जेई, पीडब्ल्यूडी