चार साल से जर्जर सड़क पर चलने को मजबूर हजारों लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की लापरवाही के चलते बलई से हवन नगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य टेंडर और कार्य आवंटित होने के तीन महीने बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। करीब चार साल से जर्जर पड़ी इस सड़क के कारण क्षेत्र के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गहरे गड्ढों के कारण जहां हादसों का खतरा बना रहता है, वहीं राहगीरों का सफर भी मुश्किल हो गया है।
करीब 1.87 किलोमीटर लंबा और 11 फीट चौड़ा यह मार्ग नगीना-होडल मुख्य सड़क से जुड़ता है। इसी रास्ते से विद्यार्थी, मरीज, गर्भवती महिलाएं और किसान आवागमन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ।
बलई के सरपंच इरफान ने कहा कि सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है, लेकिन स्वीकृति के बाद भी काम शुरू नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही है। ब्लॉक पार्षद जुनैद खान ने चेतावनी दी कि जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करेंगे।
कोट
तारकोल की कमी और बारिश के कारण काम रुका हुआ था। मौसम सामान्य होते ही कुछ दिनों में निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - रियाज, जेई, मार्केटिंग बोर्ड