पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित कुशालीपुर फ्लाईओवर के पास 31 अगस्त को अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सांवल विहार निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 31 अगस्त को निजी काम से कुशालीपुर जा रहे थे। फ्लाईओवर से पहले हाईवे पर भीड़ देखकर उन्होंने वाहन रोक दिया। मौके पर एक अज्ञात व्यक्ति गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा था। आशंका है कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मारी थी। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति घायल को बाइक से जिला नागरिक अस्पताल पलवल ले गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सफदरजंग अस्पताल दिल्ली रेफर कर दिया। एक सितंबर को अस्पताल से उसकी मौत की सूचना मिली। जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।