संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले में साइबर ठगी के दो मामलों में करीब 60 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। एक व्यक्ति को शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 57.34 लाख रुपये ठग लिए गए, जबकि एक सेवानिवृत्त एसआई के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 3.70 लाख रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धतीर गांव निवासी अशोक कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अगस्त को रात करीब नौ बजे उसके पास व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वालों ने उसे शेयर ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का झांसा दिया। आरोपियों के कहने पर उसने जेबी एक्स वन नामक एप डाउनलोड किया। इसके बाद उसे अशोक शर्मा एक्सक्लूसिव नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के माध्यम से उससे ट्रेडिंग कराई गई और अलग-अलग बैंक खातों में कुल 57,34,093 रुपये जमा करा लिए गए।
अशोक के अनुसार, एप पर निवेश की गई रकम के बदले करीब 3.34 करोड़ रुपये की रकम मुनाफे सहित दिखाई गई। जब उसने यह रकम अपने बैंक खाते में वापस मांगी तो आरोपियों ने करीब 35.98 लाख रुपये सर्विस फीस के नाम पर और जमा कराने को कहा। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
वहीं, लखनाका निवासी सेवानिवृत्त एसआई अब्दुल मजीद ने बताया कि उनका मोबाइल नंबर बैंक खाते से जुड़ा हुआ है। 14 से 16 अगस्त के बीच उसके खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए 3.70 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने आशंका जताई कि व्हाट्सएप पर मिली एपीके फाइल के जरिए उसका मोबाइल हैक किया गया। उन्हें इसकी जानकारी 16 अगस्त को हुई।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि दोनों मामलों में शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की शुरू कर दी है।
अधिकारी का वर्जन
साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लोगों के कहने पर कोई एप डाउनलोड न करें और निवेश के नाम पर किसी अज्ञात खाते में रकम ट्रांसफर करने से बचें। साइबर से बचने के लिए जिला पुलिस की ओर से डोर-टू-डोर जाकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। यदि किसी के साथ भी साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
- संजय कादियान, पुलिस प्रवक्ता