संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सोमवार को एसडीएम शशि वसुंधरा ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम पलवल का जायजा लिया। उनके साथ नगराधीश द्विजा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर भी मौजूद रहीं। इस दौरान एसडीएम ने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी स्वतंत्रता दिवस समारोह के भव्य आयोजन की सभी तैयारियों को समय से पहले पूरा कर लें। समारोह को लेकर विभागों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई।
एसडीएम शशि वसुंधरा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देश का गौरवपूर्ण त्योहार है, इसे पूरे मान-सम्मान और आदर के साथ मनाना है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट की रिहर्सल, स्टेज व आंगतुकों के बैठने एवं पेयजल की व्यवस्था, समारोह स्थल पर साफ-सफाई व सजावट, टैंट, चूना, झंडे, साजोसज्जा, रंग-रोगन, पारितोषिक वितरण, निर्बाध बिजली, पावर बैकअप के लिए साउंडप्रूफ जनरेटर, शौचालय संबंधी कार्यों की तैयारी अधिकारी समय पर पूरी कर लें। नौ अगस्त को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाली टीमों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम पलवल में 10, 11, 12 अगस्त को पूर्व रिहर्सल तथा 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल करवाई जाएगी।
इस दौरान तहसीलदार प्रेम प्रकाश, डीआईओ डीपी कुलश्रेष्ठ, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग से प्रवीण शादाब, सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार गर्ग, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र यादव मौजूद रहे।