पलवल। शहर के गांधी नगर स्थित प्रकाश कॉलोनी में 15 सितंबर को खुले सीवर मैनहोल में गिरने से चार वर्षीय बच्ची दीपांशी की मौत के मामले में जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। जिला उपायुक्त डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के निर्देश पर एडीसी उत्सव आनंद ने मामले की जांच कर रिपोर्ट 19 सितंबर को उपायुक्त को सौंप दी थी। जांच में कई स्थानों पर सीवर के मैनहोल खुले मिले।
घटना वाले दिन शाम करीब साढ़े छह बजे प्रकाश कॉलोनी में चार वर्षीय दीपांशी खेलते समय सीवर के खुले मैनहोल में गिर गई थी। परिजनों के अनुसार मैनहोल कई दिनों से खुला था और इसे बंद नहीं किया गया था। उनका आरोप था कि इलाके में कई अन्य स्थानों पर भी मैनहोल खुले हुए थे। घटना के बाद जन स्वास्थ्य विभाग ने खुले मैनहोलों को बंद कराया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने एडीसी उत्सव आनंद को 48 घंटे में जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। एडीसी ने 19 सितंबर को रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी। उपायुक्त ने बताया कि जांच में जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। कई स्थानों पर खुले मैनहोल मिले हैं। विभाग के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार को पत्र भेज दिया गया है। उनका कहना है कि मामले में जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।