पिनगवां । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की 25 जुलाई को पुनहाना में प्रस्तावित जनसभा से एक दिन पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने बड़कली–पुनहाना मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों की मरम्मत कराई। लंबे समय से क्षतिग्रस्त इस सड़क पर पैचवर्क किए जाने से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क वर्ष 2025 में नए सिरे से बनाई गई थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद कई स्थानों पर गड्ढे बन गए थे। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बना रहता था।
ग्रामीण रिहान, आरिफ, रफीक, जावेद और सलीम ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से शिकायत की गई थी। मुख्यमंत्री की रैली से पहले विभाग ने सड़क की मरम्मत कराई है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि केवल पैचवर्क कराने के बजाय सड़क की गुणवत्ता की भी जांच होनी चाहिए, ताकि नई बनी सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त न हो। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में सड़क का नियमित रखरखाव किया जाएगा, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।