पलवल। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (केजीपी) से पलवल-अलीगढ़ मार्ग को जोड़ने का रास्ता अब पूरी तरह से साफ हो गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा केजीपी को पलवल-अलीगढ़ मार्ग से जोड़ने के लिए 65 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर कर दी गई है। अब लोगों में जल्द निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। पलवल-अलीगढ़ मार्ग को केजीपी से जोड़ने से पलवल शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी। वहीं, प्रदूषण की समस्या भी दूर होगी।
मंडकौला, नूंह, पलवल मार्ग को वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (केएमपी) से जोड़ने के लिए दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस रोड बनाने की घोषणा का भी पलवल जिले को लाभ मिलेगा। इन दोनों मार्गों को केजीपी और केएमपी से जोड़ने के बाद पलवल के विकास को पंख लगेंगे। इनके साथ ही दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर बघौला गांव के निकट पृथला औद्योगिक क्षेत्र के ड्रॉ पोर्ट को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए अंडरपास बनाए जाने से पलवल जिले का विकास और ज्यादा होगा। इनके निर्माण के बाद पलवल में उद्योग स्थापित होने की संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी।
पूर्व मंत्री ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा
135 किलोमीटर लंबे कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) के निर्माण होने के पहले ही पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने पलवल-अलीगढ़ मार्ग को जोड़ने का मुद्दा विधानसभा में उठाया था। इसके बाद 28 अप्रैल 2017 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष भी दलाल ने यह मुद्दा उठाया था। दलाल ने कहा था कि केजीपी निर्माण के बाद भी पलवल शहर को लाभ नहीं मिल रहा है। पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर लगने वाले जाम से मुक्ति नहीं मिली है। शहर के अंदर जाम की समस्या बेहद ज्यादा है। शहर में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ है। इसलिए पलवल-अलीगढ़ सड़क मार्ग को केजीपी से जोड़ा जाए, ताकि शहर प्रदूषण और जाम मुक्त हो सके। विधानसभा में दलाल द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा के नेतृत्व में उस समय के विधायक करण सिंह दलाल, विधायक उदयभान, विधायक ललित नागर, विधायक मूलचंद शर्मा, दीपक मंगला को शामिल कर कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इंटरचेंज बनाने की मांग की थी।
------
अक्तूबर 2018 में जमीन अधिग्रहण करने के दिए थे आदेश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा मंजूरी मिलने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 12 अक्तूबर 2018 को पलवल के जिला उपायुक्त के नाम पत्र जारी कर केजीपी को अलीगढ़ सड़क जोड़ने के लिए जमीन अधिगृहित कर इंटरचेंज बनाने के आदेश दिए थे। आदेशों के अनुसार, अलीगढ़ सड़क किनारे बसे गांव पेलक और सिहौल की आठ एकड़ जमीन अधिगृहित करने के आदेश थे। इन आदेशों के तुरंत बाद ही उपायुक्त ने संबंधित कानूनगो और हल्का पटवारियों को जिम्मेदारी सौंप दी थी। इसके लिए सर्वे का काम गायत्री प्रोजेक्ट लिमिटेड को सौंपा गया था। अब जमीन अधिग्रहित होने के बाद इंटरचेज बनाने के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा 65 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
---------
जाम और प्रदूूषण मुक्त होगा शहर
पलवल-अलीगढ़ मार्ग केजीपी से जुड़ने के बाद पलवल शहर पूरी तरह से जाम और प्रदूषण मुक्त हो जाएगा। क्योंकि, गुरुग्राम, मानेसर, भिवाड़ी, नोएडा, जेवर, जट्टारी, अलीगढ़, दिल्ली, सोनीपत, गाजियाबाद सहित अन्य जगहों से आने वाले ट्रक केजीपी के रास्ते पेलक में बनाए जाने वाले इस इंटरचेंज से निकल जाएंगे। इससे सारा यातायात केजीपी पर डायवर्ट हो जाएगा और शहर के अंदर बड़े वाहनों व ट्रकों का प्रवेश बंद हो जाएगा। इससे शहर में लगने वाला जाम समाप्त हो जाएगा और प्रदूषण का स्तर भी कम होगा।
--------
केएमपी से जोड़ने पर उद्योगों के बढ़ने की उम्मीद
मंडकौला, नूंह-पलवल मार्ग को केएमपी से जोड़े जाने के बाद पूरे जिले को लाभ मिलेगा। इससे गुरुग्राम व मानेसर की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों के अलावा पृथला औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले उद्योगपतियों की भी राह आसान हो जाएगी। साथ ही पृथला औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ हथीन के औद्योगिक क्षेत्र में भी उद्योग के आने के रास्ते खुल जाएंगे। जिले में ज्यादा उद्योग आने से बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। वहीं, पलवल जिले के लोग इस मार्ग से सीधे केएमपी पर चढ़कर मानेसर और गुरुग्राम जल्द पहुंच सकेंगे।
-----
बघौला में अंडर पास बनने से भी फायदा
पृथला औद्योगिक क्षेत्र में बने ड्रॉ पोर्ट तक कनेक्टिविटी के लिए बघौला में अंडर पास बनाए जाने से दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर जाम से मुुक्ति मिलेगी। इससे पलवल और फरीदाबाद जाने वाले लोगों का सफर आसान होगा। पृथला स्थित उद्योगों में नौकरी करने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
---
पलवल-अलीगढ़ मार्ग केजीपी से जुड़ने से पलवल शहर को लाभ मिलेगा। लोगों को जाम और प्रदूषण से निजात मिलेगी। पलवल-मोहन सड़क और पलवल-रसूलपुर मार्ग को केजीपी से जोड़ने की भी मांग है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करूंगा।
- करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक पलवल
---
मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मुलाकात कर इसे मंजूरी दिलाने का प्रयास किया है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा हमारी मांग पूरी होने पर पलवल की जनता की तरफ से उनका आभार व्यक्त करता हूं।
- दीपक मंगला, विधायक पलवल
-----
मंडकौला-नूंह-पलवल मार्ग को केएमपी से जोड़ने की मांग पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई थी। इसके लिए केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करता हूं। इसके निर्माण के बाद हथीन विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे पलवल जिले के साथ-साथ मेवात के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
- प्रवीण डागर, विधायक हथीन