मेट्रो परियोजना का तकनीकी परीक्षण को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया जुमला
मेट्रो परियोजना को लेकर राजनीति नहीं हो रही खत्म
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा बल्लभगढ़ से पलवल मेट्रो परियोजना की घोषणा पर राजनीति खत्म नहीं हो रही है। सरकार जहां इस परियोजना को लेकर वाहवाही लूट रही है, वहीं विपक्ष इसे चुनावी जुमला साबित करने में लगा है। बुधवार को पलवल भाजपा विधायक दीपक मंगला ने पलवल तक मेट्रो की कनेक्टिविटी को विकास के मायने में मील का पत्थर बताया। उन्होंने घोषणा के दो दिनों के भीतर ही मेट्रो परियोजना के तकनीकी परीक्षण और अब जल्द काम शुरू होने का दावा किया। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने होडल में पत्रकार वार्ता आयोजित कर तकनीकी परीक्षण को चुनावी जुमला बताया।
पलवल सबसे अच्छी कनेक्टिविटी वाला क्षेत्र बना: मंगला
पलवल। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि पलवल सबसे अच्छी कनेक्टिविटी वाला क्षेत्र बन चुका है। मेट्रो के आने से विकास को पंख लग जाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में जिले का सड़क मार्ग, रेलमार्ग और वायु मार्ग की देश के अन्य क्षेत्रों से कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है। विधायक स्थानीय विश्राम गृह में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने पलवल को मेट्रो की सौगात देने पर शहरियों की ओर से मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार प्रकट किया। विधायक दीपक मंगला ने कहा कि गत 25 जून को गौरवशाली भारत रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो कनेक्टिविटी की घोषणा की। घोषणा के दो दिन बाद ही मेट्रो प्रोजेक्ट की टेक्नो टीम ने फिजिबिलिटी स्टडी कर मौके पर जाकर निरीक्षण करने में जुट गई है। विधायक ने कहा कि बल्लभगढ़ से पलवल तक कॉरिडोर पर स्टेशनों की संभावित संख्या 10 प्रस्तावित है। कॉरिडोर सेक्टर 58-59, सीकरी, सोफ्ता, पृथला, बघौला, आल्हापुर और पलवल के औद्योगिक क्षेत्र को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह एलिवेटेड मेट्रो रूट होगा और इस पर 180 करोड़ रुपए प्रति किलोमीटर की अनुमानित लागत आएगी। पूरे प्रोजेक्ट पर 4320 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में जल्द ही बोर्ड की बैठक भी बुलाई है। उन्होंने कहा कि पलवल-अलीगढ़ रोड पर ईस्टर्न पेरिफिरल एक्सप्रेस-वे (केजीपी) से कनेक्टिविटी के लिए इंटरचेंज का कार्य भी शुरू हो गया है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, पूर्व जिलाध्यक्ष जवाहर सिंह सौरोत, पलवल निगरानी समिति के पूर्व चेयरमैन मुकेश सिंगला, हरेंद्रपाल राणा, पवन अग्रवाल, प्रवीण ग्रोवर, एलडी वर्मा, चंद्रभान गुप्ता मौजूद रहे।
मेट्रो परियोजना समेत सैकड़ों योजनाएं अधूरी: उदयभान
होडल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने मुख्यमंत्री मेट्रो का काम शुरू न होने से भाजपा को जुमलेबाज सरकार बताया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण हरियाणा में मुख्यमंत्री द्वारा की गई सैकड़ों योजनाएं अभी तक अधूरी है, जबकि मेट्रो के लिए बजट वह जमीन अधिग्रहण के नाम पर कुछ भी नहीं है, जिसको लेकर सरकार जनता से अपनी वाहवाही लूटने में लगी हुई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बुधवार को नेशनल हाईवे स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बता दें कि सीएमओ कार्यालय से जारी ट्वीट के बाद विपक्ष ने सरकार से पूर्व में कि गई योजनाओं पर जवाब मांगने शुरू कर दिए। उदयभान ने कहा कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो लाने की घोषणा पूर्व में भूपेंद्र हुड्डा के शासनकाल हो चुकी है। उनकी योजना पर यह घोषणा मुख्यमंत्री का चुनावी स्टंट है, क्योंकि मुख्यमंत्री जिले के अलावा दक्षिण हरियाणा में सैकड़ों घोषणाएं कर चुके हैं जिनमें मेडिकल कॉलेज, कुंडली-मानेसर रोड की मरम्मत, किसानों के लिए टेल तक पानी, रोजगार के लिए उद्योग, नेशनल हाईवे पर फ्लाईओवर अंडरपास के अलावा बमनीखेड़ा आरओबी सहित रसूलपुर आरओबी का काम पूरा नहीं होना यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार की दक्षिण हरियाणा में विकास करने की कोई मंशा नहीं है। उदयभान ने कहा कि बल्लभगढ़ से गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट 9 साल से ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि क्या चुनावों से पहले भाजपा सरकार इस प्रोजेक्ट की आधारशिला रख कर काम शुरू कर पाएगी। इस अवसर पर कन्हैया बंचारी, राजवीर रावत, ओमप्रकाश पटवारी मौजूद रहे।