संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय 12वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपियों सुनील, नवीन और सरजीत के खिलाफ नाबालिग से दुष्कर्म और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी को सोते हुए आरोपी उठाकर पास के एक मकान में ले गए। रात में पशुओं को देखने के लिए वह उठे तो बेटी को घर में न पाकर खोजबीन शुरू की। लगभग 50 मीटर दूर एक मकान से आवाजें सुनकर उन्होंने दरवाजा खोला, जहां तीनों आरोपी पीड़िता के साथ मौजूद थे। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, जिसके बाद आरोपी गाड़ी से भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि शोर मचाने पर आरोपियों ने उसका मुंह दबा दिया था और तमंचा व चाकू के बल पर दुष्कर्म किया। जांच इंस्पेक्टर सुशीला ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द गिरफ्तारी होगी।