नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से दुष्कर्म, केस दर्ज
पलवल। नौकरी दिलाने के नाम पर पृथला गांव में युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बल्लभगढ़ पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर गदपुरी पुलिस को जांच सौंप दी है। जांच अधिकारी इंदू ने बताया कि 24 वर्षीय युवती ने बल्लभगढ़ महिला थाने में दी शिकायत में कहा है कि वह 12वीं पास है और नौकरी की तलाश में घूम रही थी। जब वह पृथला गांव स्थित एक कंपनी में पहुंची तो गेट पर उसे एक युवक मिला। युवक ने अपना नाम पलवल निवासी मन्नू बताया और कहा कि वह उसकी नौकरी लगवा देगा। पीड़ित से युवक ने उसका फोन नंबर ले लिया। नौकरी दिलाने के बहाने युवक से बातें होने लगीं। आरोपी युवक ने 14 अगस्त को उसे फोन पर नौकरी लगवाने के लिए बल्लभगढ़ बुलाया। पीड़ित बल्लभगढ़ पहुंची तो वहां से आरोपी युवक उसे बाइक से पृथला गांव ले आया और कहा कि वह उसे एक आदमी से मिलवाएगा। आरोपी युवक पीड़ित को पृथला गांव स्थित एक मकान में ले गया, जहां पर उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। पीड़ित ऑटो से अपने घर पहुंची और मां को आपबीती बताई।